आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद के बाद बच्चा चोर का शोर अब मैनपुरी में भी पहुंच गया है। जिले के कस्बा औंछा में सोमवार को एक बुजुर्ग को बच्चा चोर समझकर लोगों की भीड़ ने पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग को भीड़ से बचाया।
बरनाहल और औंछा थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाहों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे मोहकमपुर पुल के पास बुजुर्ग को कुछ लोगों ने बच्चा चोर बताकर पकड़ लिया। इसकी खबर गांव उसनीधा, मोहकमपुर, मंडेला तक पहुंच गई।
कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। भीड़ में शामिल कुछ लोग बुजुर्ग को पीटने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग को ग्रामीणों के चंगुल से बचाया। पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना नाम शिवमुनि ठाकुर निवासी कर्मडीह थाना व जिला दुमका झारखंड बताया है।
हैरत की बात यह कि पुलिस ने बुजुर्ग को पीटने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की। एसआई साहब सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की पिटाई से बुजुर्ग घायल हुआ है। प्रथम दृष्टयता बुजुर्ग व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर लग रहा है।