विधान परिषद आगरा खंड की शिक्षक सीट की प्रथम वरीयता की वोटों की गिनती में निर्दलीय आकाश अग्रवाल 2113 वोटों से आगे रहे। दूसरे स्थान पर भाजपा के दिनेश कुमार वशिष्ठ रहे।
विज्ञापन
शिक्षक सीट पर प्रथम वरीयता के लिए दो चक्रों की मतगणना का परिणाम रात 10 बजे आया। इसमें कोई प्रत्याशी कुल मतों के 50 फीसदी मत जीतने के लिए प्राप्त नहीं कर सका। ऐसे में द्वितीय वरीयता और फिर तृतीय वरीयता मतों के आधार पर नतीजा तय होगा।
शिक्षक एमएलसी सीट पर एक दिसंबर को हुए मतदान में 21797 वोट पड़े थे। बृहस्पतिवार को मंडी समिति स्थित मतगणना स्थल में मतपेटियां खुली तो वोटों की गिनती शुरू हुई। सबसे पहले 16 प्रत्याशियों के बीच दो चरणों में प्रथम वरीयता मत गिने गए।
विज्ञापन
मतपत्रों की गणना का कार्य करते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
इनमें 21703 मतों में कुल 881 शिक्षक मत गलत निशान लगने से निरस्त हो गए। प्रथम वरीयता में विजयी प्रत्याशी को कुल बचे विधिमान्य 20822 मतों में 50 फीसदी यानी 10411 मत प्राप्त करने थे। लेकिन कोई भी प्रत्याशी 50 फीसदी मत प्रथम वरीयता में नहीं ला सका। ऐसे में मतगणना के लिए द्वितीय वरीयता और फिर भी 50% कोटा पूरा नहीं होने पर तृतीय वरीयता मतों की गिनती से विजेता घोषित किया जाएगा।
प्रथम वरीयता मतगणना के नतीजे प्रत्याशी प्राप्त मत
- निर्दलीय डॉ. आकाश अग्रवाल वित्तविहीन वाले - 5798
- भाजपा से डॉ. दिनेश चंद वशिष्ठ - 3685
- निर्दलीय जगवीश किशोर जैन - 2952
- निर्दलीय गुमान सिंह यादव - 2255
- निर्दलीय निरंजन सिंह सोलंकी - 2107
- सपा से हेवेन्द्र सिंह हऊआ चौधरी - 1509
- निर्दलीय धर्म सिंह भदौरिया - 931
- निर्दलीय धर्मेन्द्र सिंह जाटव - 531
- निर्दलीय भोज कुमार शर्मा - 513
- निर्दलीय डॉ. देव प्रकाश वृंदावन - 266
- निर्दलीय होशियार सिंह निमेष - 184
- निर्दलीय सुरेन्द्र सिंह राघव - 19
- निर्दलीय रवि कुमार सोनी - 11
- निर्दलीय लालजी बाबू श्रीवास्वतव - 10
- निर्दलीय अभय प्रताप सिंह - 10
- निर्दलीय चंद्रप्रकाश - 8
मतगणनास्थल पर पहुंचे प्रत्याशी
- फोटो : अमर उजाला
कभी भाजपाइयों तो कभी सपाइयों ने किया हंगामा
मतगणना स्थल पर सुबह दस से रात 10 बजे तक कई बार हंगामा हुई। कभी भाजपाई भड़के तो कभी सपाई। सुबह 11 बजे शिक्षक मतगणना पंडाल में मतपत्रों की छंटाई चल रही थी। तभी भाजपा समर्थक अपने मतगणना एजेंट के लिए खाने के पैकेट और पानी की बोतलें लेकर पंडाल में प्रवेश करने लगे। वहां सुरक्षा बलों ने उन्हें खाना व पानी अंदर ले जाने से रोका। इसके बाद भाजपा समर्थकों ने बैरीकेडिंग के पास खड़े होकर हंगामा किया। एडीएम सिटी डॉ.प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि आयोग के निर्देश हैं कोई खाने व पीने की वस्तु अंदर नहीं ले जा सकता।
मतपेटी टूटी होने का आरोप लगाकर किया हंगामा
आगरा। स्नातक मतगणना पंडाल में मतपत्रों के बंडल बनाने के दौरान एक प्रत्याशी के एजेंट ने मतपेटी की सील टूटी होने का आरोप लगाया। मतपेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों के एजेंट ने हंगामा शुरू कर दिया। फिर एडीएम सिटी व मतगणना कर्मियों ने जांच की तो सील टूटी नहीं मिली।
सत्ता के दबाव का आरोप लगाया
आगरा। शिक्षक सीट पर प्रथम वरीयता मतों की गणना के दूसरे चरण का परिणाम तीन घंटे तक रुका रहा। प्रथम चरण की गणना सात बजे हो गई। निर्दलीय प्रत्याशी जगवीर किशोर जैन ने प्रशासन पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। इस दौरान उनके समर्थकों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि इस तरह के चुनाव से शिक्षकों का कभी भला नहीं हो सकता।
कठेरिया को देखते ही सपाइयों ने किया हंगामा
आगरा। शिक्षक सीट पर प्रथम वरीयता मतों की गणना के बाद भाजपा प्रत्याशी पिछड़ गए। तभी राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष व इटावा से सांसद राम शंकर कठेरिया मतगणना परिसर में पहुंचे। इस दौरान सपा समर्थकों ने मतगणना प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए परिसर में हंगामा किया। आब्जर्वर के समक्ष विरोध जताया।
खाने-पीने का सामान ले जाने से रोकने पर भड़के भाजपाई
आगरा। स्नातक मतगणना पंडाल में भाजपा प्रत्याशी को समर्थकों के लिए खाने के पैकिट व पानी की बोतलें अंदर ले जाते समय प्रवेश से सुरक्षा बलों ने रोका। इसे लेकर पुलिस कर्मियों व सुरक्षा बलों से भाजपा प्रत्याशी की तीखी नोकझोंक हो गई। एसपी सिटी ने समझाया किसी को खाने-पीने की वस्तु अंदर ले जाने की इजाजत नहीं है।
मतगणना अधिकारी की तबियत बिगड़ी, एंबुलेंस से भेजा अस्पताल
मंडी परिसर में मतगणना के दौरान दोपहर 2 बजे शिक्षक पंडाल में मतगणना अधिकारी की अचानक तबियत बिगड़ गई। वह बैंक में कार्यरत थे। सीने में दर्द, घबराहट और चक्कर आने की शिकायत पर अन्य प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में एंबुलेंस बुलाई गई। बीमार अधिकारी का ब्लड प्रेशर जांच की गई। दवाईयां दी गई। लेकिन कोई लाभ नहीं होने पर फिर एंबुलेंस से अधिकारी को अस्पताल भेजा गया।