महाराजा सूरजमल का इतिहास पाठ्यक्रम में शामिल करने के लिए विधायक चौधरी बाबूलाल ने मुख्यमंत्री को
किरावली। क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक बार फिर स्मरण पत्र भेजकर भरतपुर नरेश वीर योद्धा महाराजा सूरजमल के गौरवशाली इतिहास को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में इस बात पर निराशा जताई है कि एक महीना बीत जाने के बाद भी इस संबंध में शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने उल्लेख किया कि इससे पूर्व भी उन्होंने 23 अप्रैल को पत्र लिखकर इस विषय पर ध्यान आकर्षित कराया था। उन्होंने याद दिलाया कि महाराजा सूरजमल ने सनातन हिंदू धर्म की रक्षा के लिए जो शौर्य और वीरतापूर्ण योगदान दिया, उससे हर कोई परिचित है। चौधरी बाबूलाल ने कहा कि महाराजा सूरजमल भरतपुर रियासत के एक अजेय महायोद्धा थे। उनके इतिहास, शौर्य की गाथाओं को विद्यार्थियों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। इसके लिए हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के पाठ्यक्रम में महाराजा सूरजमल के इतिहास, देशप्रेम और शौर्य गाथा की जानकारी को सम्मिलित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।