आगरा के कमलानगर के एक विद्यालय के नौवीं कक्षा के दो छात्र छुट्टी के बाद लापता हो गए थे। पुलिस लगातार दोनों का सीसीटीवी से पीछा कर रही थी। दोनों हरिद्वार में हर की पैड़ी पर घूमते हुए मिल गए। शनिवार को दोनों को आगरा लाया गया और परिजन के सुपुर्द कर दिया। छात्रों ने बताया कि परिजन की डांट-फटकार से नाराज होकर कुछ दिन बाहर रहकर घूमने का प्लान बनाया था। दोनों को सकुशल देख परिजन ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार को नौवीं कक्षा के दो छात्र छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचे थे। दोनों दोस्तों में एक कमलानगर जबकि दूसरा एत्माद्दौला का रहने वाला है। परिजन ने उनकी तलाश के बाद कमलानगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें बनाकर दोनों की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी में दोनों छात्र पहले ई-रिक्शा से नेहरू नगर और फिर एमजी रोड पर जाते दिखे। आगरा कैंट स्टेशन से दिल्ली जाने वाली स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में बैठते कैमरे में दिखाई दिए।