दूध लेकर घर लौट रही महिला के गले से एक्टिवा सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए, मगर ये पूरी वारदात पास में ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
ताजनगरी आगरा में दूध लेकर घर लौट रही महिला के गले से एक्टिवा सवार दो युवकों ने सोने की चेन झपट ली। महिला जब तक कुछ समझ पाती तब तक बदमाश वहां से फरार हो गए। ये पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
थाना ताजगंज क्षेत्र के चमरौली रोड़ स्थित एक पब्लिक स्कूल के मेन गेट के पास की ये घटना है। शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे मंजू पत्नी अनिल कुमार दूध लेकर घर लौट रही थीं। उसी दौरान एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित मंजू ने बताया कि नीले रंग की एक्टिवा पर दो बदमाश तेजी से आए। मंजू के गले में डली सोने की चेन छीन कर ले गए, जिसका वजन लगभग ढाई तोले बताया गया।
पीड़ित मंजू ने बताया कि घटना को अंजाम देकर बदमाश पंचवटी की तरफ निकल गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल कर सोमवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। जांच पड़ताल के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक्टिवा सवार लुटेरे दिखाई दे रहे हैं। थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार बालियान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।