पीड़ित किसानों से जानकारी लेती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के थाना मांट क्षेत्र के अंतर्गत नगला दानी के समीप सोमवार रात को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरकर ले जा रहे दो किसानों से लूटपाट की गई। दो बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने असलहा के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर किसानों को पीटा। पीड़ितों की सूचना पर जब तक पुलिस पहुंची, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को मांट के गांव नगला श्याम के रहने वाले नेम सिंह पुत्र महावीर सिंह एवं रत्न सिंह पुत्र हरी सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरकर नगला श्याम से खंदौली भूसा लेकर जा रहे थे। नगला दानी के समीप दो बाइकों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने असलहा के दम पर दोनों किसानों से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए।
किसी तरह किसानों ने घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। रात में ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। थाना मांट पुलिस को सूचना दी गई। मांट थाना प्रभारी निरीक्षक रामशंकर गौतम टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस सर्विलांस की मदद से बदमाशों की तलाश में जुटी है। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।