फिरोजाबाद के मक्खनपुर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक युवक से एक लाख 50 हजार रुपये लूट लिए। बदमाश पीड़ित की बाइक की चाभी भी निकाल कर ले गए। सूचना मिलने के बाद सीओ शिकोहाबाद के साथ थाना मक्खनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन देर शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
आगरा के देवकी रोड निवासी जितेंद्र कुमार की इटावा में ससुराल है। वह जमीन का बैनामा कराने के लिए ससुराल से एक लाख 50 हजार रुपये लेकर बाइक से आगरा जा रहा था। जितेंद्र के साथ उसकी आठ वर्षीय बेटी भी थी। जितेंद्र गांव इंदुमई के समीप पहुंचा था। तभी पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया।
बाइक रुकवाकर नकदी लूटी
बदमाशों ने जितेंद्र को हड़काते हुए कहा कि बाइक धीरे चलाओ। जितेंद्र ने बाइक की स्पीड कम दी। इस पर युवकों ने उसे रोक लिया। जितेंद्र कुछ समझ पाता इस बीच युवकों ने उसकी तलाशी लेने के साथ थैले में रखे एक लाख 50 हजार रुपये लूट लिए और उसकी बाइक की चाभी भी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पता चला कि बाइक सवार पुलिसकर्मी नहीं बल्कि बदमाश थे।
हत्या का खुलासा: विधवा से दो युवकों के थे संबंध, एक ने कूरियर वाला बनकर दूसरे को उतारा मौत के घाट
पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सीओ कमलेश सिंह के साथ थाना प्रभारी मक्खनपुर प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित से घटना की जानकारी करने के साथ ही पुलिस बदमाशों की तलाश की। सीओ शिकोहाबाद कमलेश सिंह का कहना है कि टप्पेबाजी कर बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों की गिरफ्तारी को पुलिस टीम लगी है। घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।