लूट की वारदात के बाद चेकिंग करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के खंदौली क्षेत्र में शुक्रवार की रात यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। खंदौली इंटरचेंज पर रात तकरीबन नौ बजे बदमाशों ने गाजियाबाद के लोनी के कारोबारी जतिन कुमार से उनकी सफारी कार लूट ली। बदमाश पहले से खड़े थे। कार को रुकवाया जतिन, उनके ड्राइवर सुमेर सिंह और दोस्त राम प्रसाद को बाहर फेंका और गाड़ी लूटकर चले गए।
26 वर्षीय जतिन अपनी बहन संगीता को छोड़ने मथुरा गए थे। इसके बाद कन्नौज अपनी ससुराल जा रहे थे। खंदौली टोल प्लाजा क्रास करने के बाद इंटरचेंज पर बाइक सवार तीन बदमाशों गाड़ी को रुकवा लिया। दो बदमाश बाइक से उतरे और तमंचा तानकर चालक को गाड़ी से बाहर घसीट लिया।
एक बदमाश खुद गाड़ी में चालक की सीट पर बैठ गया। दूसरे ने जतिन पर तमंचा तान दिया। थोड़ी दूर ले जाकर जतिन और उनके दोस्त को बाहर फेंक दिया। चालक सुमेर ने घटना की सूचना टोल पर दी। खंदौली पुलिस ने चेकिंग कराई। पुलिस देर रात चालक और व्यापारी को लेकर घटना स्थल पर पहुंची। लूटी गई गाड़ी का भी कोई सुराग नहीं मिला था।