गाजियाबाद से मथुरा के लिए बुक कराकर लाई गई ओला कार को यमुना एक्सप्रेसवे पर लूट लिया गया। बदमाश चालक को एक्सप्रेसवे के पिपरौली (माइल स्टोन-103) के पास फेंक गए। बुधवार की देर रात को हुई वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया।
वहीं, लूट की दूसरी वारदात राया-सादाबाद मार्ग पर हुई। यहां बाइक सवार तीन लुटेरों ने प्रेमलता इंटर कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के मुंह पर नशीला रुमाल डालकर 40 हजार रुपये लूट लिए। कर्मचारी सिंडिकेट बैंक में रुपये जमा करने जा रहा था।
बुलंदशहर के गांव धपेड़ा निवासी अखिलेश कुमार पुत्र ज्ञान विकास शर्मा ओला कंपनी की कार पर ड्राइवर है। बुधवार की शाम को दो युवकों ने गाजियाबाद के विजय नगर से मथुरा के लिए एक कार बुक कराई थी।
जब कार नोएडा से पार हुई, तभी कार सवार दो युवकों में से एक ने ड्राइवर से कार चलाने की इच्छा जताई। ड्राइवर तैयार हो गया तो युवक ने स्टीयरिंग संभाल लिया।