संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर की सड़कों पर बदमाशों का आतंक है। ऐसा लग रहा है कि जैसे खाकी का खौफ जरायम पेशेवरों के जहन से निकल चुका है। सरेराह लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जयपुर से घर वापस लौट रहे एक युवक से सिविल लाइन पुलिस चौकी से महज 300 मीटर दूर बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। पीड़ित थाना भोगांव क्षेत्र का रहने वाला है और पैदल ही घर की तरफ जा रहा था। पिछले एक सप्ताह में लगातार इस प्रकार की वारदात हो रही हैं।
सोमवार रात गांव मिर्जापुर का रहने वाला राज राजपूत जयपुर से लौटा था। ईशन नदी पुल पर उतरने के बाद वह सिविल लाइन चौकी क्षेत्र से पैदल ही अपने घर की ओर जा रहा था। रास्ते में उसकी मां का फोन आ गया। वह फोन बात कर ही रहा था। तभी एक बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए और पास आकर रुक गए। जब तक राज कुछ समझ पाता। एक बदमाश ने उससे मोबाइल लूट लिया। गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश भाग गए।
पुलिस नहीं लिखती मोबाइल लूट का मुकदमा : मोबाइल लूट का मुकदमा पुलिस आसानी से दर्ज नहीं करती है। पीड़ित यहां-वहां भटकता रहता है। पीड़ितों पर दबाव बनाया जाता है कि वह गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराएं, ताकि वारदातों पर अंकुश लगाने की झूठी वाहवाही अधिकारियों से ले सके।