मैनपुरी। बकायेदारों पर शिकंजा कसने के लिए अधीक्षण अभियंता रवि प्रताप ने मैनपुरी शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में डिश कनेक्शन अभियान का निरीक्षण किया। मंगलवार को छुट्टी वाले दिन अधीक्षण अभियंता को फील्ड में देखकर विद्युत कर्मी सकते में आ गए। उन्होंने मौके पर जेई शुभम मद्धेशिया के साथ विद्युत चोरी, राजस्व वसूली, बिलिंग एवं विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की। निर्देश दिए कि 50 हजार से अधिक का बकाया है तो मीटर उखाड़ लें।
उन्होंने संबंधित जेई को कड़े निर्देश दिए कि किसी भी बकायेदार का कनेक्शन चलता नहीं पाया जााए। चक्की, स्कूल, मील के बकायेदारों के शत प्रतिशत वसूली हर हाल में सुनिश्चित करें। एसडीओ और जेई स्वयं पूर्व में बकाये पर कटे कनेक्शनों की चेकिंग करें। बिना बकाया जमा किए कनेक्शन जुड़ा मिलने पर जेई की जवाबदेही एवं लाइनमैन की सेवा समाप्त करें।
उपभोक्ताओं को समय पर सही बिल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। टेबिल एवं स्टोर बिलिंग करने वाले रीडरों की सेवा समाप्त करें, विद्युत चोरी पर प्रभावी कार्रवाई करें, अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विद्युत चोरी पर कार्रवाई के लिए प्रशासन की मदद लें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य पूर्ण नहीं होने पर अधिशासी अभियंता से अवर अभियंता तक सभी पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लगातार विद्युत आपूर्ति के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उपभोक्ताओं का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।