फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बावरिया गिरोह हुआ सक्रिय: एक घंटा, चार गांव और पांच घर; पीएसी-पुलिस के सिपाहियों के घरों को भी बनाया निशाना

Fri, 21 Jul 2023 12:24 PM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला, आगरा

सार

आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने एक के बाद एक पांच घरों में लूट की। पुलिस जब तक पहुंची, बदमाश फरार हो चुके थे। 
 
विज्ञापन
Agra News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के थाना फतेहाबाद के गांव खादकापुरा, पक्कापुरा, पतैयापुरा और स्वारा में बृहस्पतिवार रात को बावरिया गिरोह ने 5 घरों में धावा बोल दिया। गांव खादकापुरा में पीएसी सिपाही रामनरेश के भाई ने दो बदमाशों को साहस दिखाते हुए पकड़ लिया। बदमाश मारपीट और फायरिंग कर भाग गए।पक्कापुरा में पुलिस के सिपाही महेश के भाई और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर जेवरात लूट लिए। दो अन्य घरों से दो लाख रुपये और 10 तोले सोने के जेवरात ले गए। एक घर में जगार होने से वापस लौट गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में खेतों में कई घंटे तक काॅम्बिंग की, मगर बदमाश हाथ नहीं आ सके।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें - ससुराल में की ऐसी हरकत: भूल गए वो दामाद है...सास-ससुर और पत्नी ने किया ये हाल; अस्पताल में कराना पड़ा भर्ती

पहली वारदात गांव खादकापुरा में रात करीब 12:30 बजे पंजाब सिंह के घर में हुई। उनका बेटा रामनरेश पीएसी में जवान है। अलीगढ़ में तैनाती है। घर में पंजाब सिंह के अलावा उनकी पत्नी और तीन बेटे मौजूद थे। तीन बदमाश खेतों की तरफ से घर में जीने के दरवाजे की कुंडी तोड़कर घुसे। पहली मंजिल पर रखी अलमारी को खोलने लगे। खटपट की आवाज सुनकर उनका बेटा राकेश जाग गया। उसने साहस दिखाते हुए दो बदमाशों को पकड़ लिया। तीसरे बदमाश ने साथियों को छुड़ाने के लिए राकेश पर लाठी से हमला बोल दिया। उसके नहीं छोड़ने पर दो फायर भी कर दिए। इसके बाद बदमाश खेतों की तरफ से भाग गए।


 

इसके बाद बदमाश 500 मीटर दूर पक्कापुरा में कालीचरन के घर में पहुंचे। कालीचरन का बेटा महेश यूपी पुलिस में सिपाही है। दो बदमाश महेश के भाई चंद्रमोहन के कमरे में घुस गए। एक बदमाश ने चंद्रमोहन पर तमंचा लगाया तो दूसरे बदमाश ने उसकी पत्नी कृष्णा की गर्दन पर चाकू रख जान से मारने की धमकी दी। अलमारी की चाबी लेने के बाद दूसरे कमरे में रखी अलमारी के जेवरात निकाल लिए। चंद्रमोहन और उनकी पत्नी को कमरे में बंद कर भाग गए। फिर बदमाश पास के ही गांव पतैया पुरा में हलवाई नेमीचंद के घर में घुस गए। परिवार सो रहा था। बदमाश एक कमरे में रखी अलमारी को खोलकर 10 तोले सोने और दो लाख रुपये के जेवरात ले गए।

पतैयापुरा में हरी सिंह के घर में एक बदमाश घुसा। उनका बेटा मेघ सिंह आरपीएफ में जवान है। बदमाश को देखकर मेघ सिंह की 17 साल की बेटी विकलेश ने शोर मचा दिया। इस पर वो भाग निकला। 800 मीटर की दूरी पर गांव स्वारा में किसान शिवलाल शर्मा के घर में घुसे। परिवार आंगन में सो रहा था। एक कमरे में रखी अलमारी से जेवरात और पांच हजार रुपये ले गए।

पुलिस काॅम्बिंग कर रही थी, बदमाश वारदात

खादकापुरा निवासी पंजाब सिंह के बेटे राकेश ने अपने भाई पीएसी सिपाही रामनरेश को रात 1.15 बजे फोन करके वारदात की जानकारी दी। रामनरेश ते थाना फतेहाबाद प्रभारी को फोन कर दिया। इस पर रात 1:45 बजे पुलिस गांव में पहुंच गई। बदमाश खेतों में होकर आए थे। इसके बाद खेतों से ही होकर भागे थे। इस पर पुलिस ने खेतों में काॅम्बिंग की, मगर पकड़े नहीं जा सके। जब पुलिस यहां काॅम्बिंग कर रही थी, तब बदमाश दूसरे गांवों में वारदात को अंजाम दे रहे थे। रात तकरीबन 2:30 बजे बदमाशों के भागने के बारे में कहा जा रहा है।
विज्ञापन

तीन टीमें लगीं

छह बदमाशों ने चार गांव के पांच घरों में धावा बोला है। बावरिया गिरोह होने की आशंका है। तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। बदमाशों की धरपकड़ के लिए तीन टीम को लगाया गया है। - सोमेंद्र मीणा, डीसीपी पूर्वी जोन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें