प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी
- फोटो : अमर उजाला
भारत को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में विश्व का अग्रणी देश बनाने की मुहिम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से बुधवार को करने जा रहे हैं। इसके लिए 13500 हजार करोड़ के बजट से पशुओं को रोग मुक्त बनाने और देश को प्लास्टिक मुक्त करने का शंखनाद किया जाएगा।
प्रदेश के पशुधन मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने बताया कि बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मथुरा के वेटरनेरी यूनिवर्सिटी में उत्तर प्रदेश के पशुधन विभाग द्वारा आयोजित पशु आरोग्य मेला में आ रहे। मेले में चार हजार पशु होंगे।
ये भी पढ़ें: मथुराः प्रधानमंत्री की सुरक्षा का ब्लू प्रिंट तैयार, कार्यक्रम में यह कपड़े पहनकर नहीं आ सकेंगे
इसमें पॉलिथीन खाने से बीमार गायों का ऑपरेशन और कैंसर से प्रभावित पशुओं के ऑपरेशन होंगे। पशुओं के उपचार की इस प्रक्रिया को मेला स्थल पर प्रधानमंत्री स्क्रीन के माध्यम से देखेंगे। यहां अच्छे दुधारू अन्य पशु भी प्रदर्शनी का हिस्सा बन रहे हैं।
पशुधन मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने बताया कि पशु आरोग्य मेला से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पशुओं को रोग मुक्त बनाने और वातावरण को प्लास्टिक मुक्त करने की मुहिम का भी शुभारंभ करेंगे।
केंद्रीय बजट में मोदी सरकार ने पशुओं को रोग मुक्त बनाने के लिए 13500 हजार करोड़ का प्रावधान किया है। इस भारी भरकम बजट का उपयोग पशुओं को रोग मुक्त बनाने के लिए एक वृहद अभियान के तहत किया जाएगा।
चौधरी लक्ष्मीनारायण ने बताया कि इस मेला में बड़ी संख्या में किसानों के साथ आम लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय पशुधन मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री संजीव वालियान, सांसद हेमामालिनी सहित केंद्र और राज्य के अन्य मंत्री भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
-प्रात: 9:55 बजे सफदरगंज हेलीपैड से रवाना होंगे
-प्रात: 10:50 बजे मथुरा वेटरनेरी यूनिवर्सिटी में हेलीपैड पर उतरेंगे
-प्रात: 11:00 बजे से 11:20 बजे तक मेला स्थल रहेंगे
-पूर्वाह्न 11:20 बजे से 11:25 बजे तक सभा स्थल पहुंचेंगे
-पूर्वाह्न 11:25 बजे से 12:20 तक सभा स्थल पर रहेंगे।