शादी में शामिल होने जा रहे दंपती और उनकी दो माह की बेटी को दूध भरे टैंकर ने कुचल दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई। इस हादसे से जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं शादी की खुशियां भी मातम में बदल गईं।
फिरोजाबाद के जसराना में पति और दो माह की बेटी के साथ अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने मायके जा रही महिला की बाइक को दूध भरे टैंकर ने रौंद दिया। टैंकर के रौंदने से गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को उपचार के लिए फिरोजाबाद भेजा। जहां चिकित्सक ने महिला और बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। एक साथ तीन लोगों की मौत होने पर परिवार में कोहराम मच गया। वहीं शादी वाले घर में भी मातम पसर गया।
विज्ञापन
थाना जसराना के गांव नगला पटिया निवासी प्रेमचंद्र पुत्र अजय (26) अपनी पत्नी ओमश्री (24) एवं पुत्री तृषा (2 माह) के साथ अपने भाई मंजेश कुमार की बाइक लेकर बृहस्पतिवार की सायं अपनी ससुराल भटमई अलीगंज रोड़ एटा जा रहा था। ससुराल में उसकी पत्नी के चचेरे भाई देवेंद्र कुमार का मंडप कार्यक्रम था। वह पत्नी एवं बच्ची के साथ बाइक से एटा शिकोहाबाद मार्ग के सिरौला के पास पहुंचा था कि तभी सामने से आ रहे टैंकर ने रौंद दिया। टैंकर की रौंदने से तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। वहीं हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
लोगों ने पुलिस और परिजन को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर रैफर कर दिया। फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर में ओमश्री एवं तृषा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपचार के दौरान देर रात में अजय की भी मौत हो गई। एक साथ तीन मौतों ने पूरे परिवार को हिला दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिए।