लॉकडाउन में अन्य प्रदेशों से निकलकर अपने घरों को जा रहे सौ से ज्यादा मजदूरों को गुरुवार को टूंडला पुलिस ने जबरन लाकर आगरा सीमा पर छोड़ दिया। साथ ही बैरियर लगाकर आगे जाने से रोका। इससे आक्रोशित मजदूरों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया और जाम लगा दिया।
सूचना पर पहुंचे अफसरों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। खाना खिलाने के साथ उन्हें भेजने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने इन्हें दो स्कूल में क्वारंटीन कर दिया।
गुजरात, राजस्थान से निकले मजदूर पैदल ही गुरुवार को फिरोजाबाद की ओर जा रहे थे। इन मजदूरों को टूंडला पुलिस ने पकड़ा। आगरा-फिरोजाबाद की सीमा में टूंडला से करीब 10 से 15 किलोमीटर दूर एत्मादपुर क्षेत्र में लाकर छोड़ दिया। इसके बाद बैरिकेडिंग लगाकर आगे जाने से रोक दिया। जिससे गुस्साए मजदूरों ने हंगामा शुरू कर दिया।