पाकिस्तान के पास मौजूद अमेरिकी एफ-16 विमानों के मुकाबले के लिए खरीदे गए रूसी बाज मिग-29 को 37 साल पहले ही भारतीय वायुसेना ने अपने बेड़े में शामिल किया था। समुद्री मार्ग से लाने के बाद इन्हें रूस से आए 6 इंजीनियरों ने नासिक की एचएएल फैक्टरी में जोड़ा और रूस के 8 लड़ाकू विमान पायलटों ने इनका परीक्षण किया। 4 मई 1987 तक मिग-29 विमानों के दो स्क्वाड्रन मिल गए थे। इन विमानों का 7 माह तक परीक्षण चला। रूस से हुई डील के तहत 45 विमान रूस से आने थे, जबकि 135 मिग-29 विमान एचएएल की नासिक फैक्टरी में तैयार किए जाने थे।
पुणे में बना वायुसेना का हिस्सा
सात माह के परीक्षण के बाद रूसी बाज मिग-29 विमानों को पुणे में हुए एक कार्यक्रम में 6 दिसंबर 1987 को भारतीय वायुसेना का हिस्सा बनाया गया। तत्कालीन रक्षामंत्री केसी पंत ने इनकी पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाई थी। एक माह बाद 8 जनवरी 1988 को तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी मिग-29 विमानों के कॉकपिट में जाकर मिग-29 के पायलट और वीर चक्र विजेता विंग कमांडर हरीश सामंद से इन विमानों की तकनीकी खूबियों के बारे में जानकारी की थी। वायुसेना ने मिग-29 की दो स्क्वाड्रन तैयार कीं। 28 वीं और 47 वीं स्क्वाड्रन मिग-29 विमान के लिए जानी गईं।
भारत पहला देश, जिसे मिग-29 मिले
अमेरिका के एफ-16 फाइटर जेट का मुकाबला करने के लिए रूस ने दो इंजन वाले अत्याधुनिक मिग-29 विमानों का निर्माण किया था। भारत पहला ऐसा देश था, जिसे यह सबसे पहले दिया गया। भारत सरकार ने रूस से 45 मिग-29 विमानों की खरीद का फैसला 1986 में किया था। मिग-21 विमानों के लगातार हादसों के बाद सरकार ने मिग-29 की खरीद को अंतिम रूप दिया था। इन्हें 4 जनवरी 1987 को भारत में अर्धविकसित स्थिति में लाया गया। मिग-29 विमान तय समय से चार माह पहले ही भारत को सौंप दिए गए थे। रूस से वार्सा संधि संगठन वाले देशों को भी तब मिग-29 विमान नहीं दिए थे।
हल्दिया में मिग-29 के लिए स्वदेशी ईंधन
रूस से मिग-29 विमान 1987 में ही मिल गए, लेकिन इनके लिए पूरी तरह से स्वदेशी ईंधन को 5 साल बाद 1992 में तैयार किया जा सका। भारतीय तेल निगम की हल्दिया रिफाइनरी में मिग-29 विमानों के लिए ईंधन तैयार किया गया। दो इंजन वाले अत्याधुनिक मिग-29 विमानों में 9 हथियार लगाने की जगह थी, जिनमें 6 ए-10 मिसाइल, दो मिसाइल विंग के नीचे और इंजन एयर डक्ट के नीचे एक लगाने की व्यवस्था थी। स्क्वाड्रन लीडर (रि) एके सिंह के मुताबिक 37 साल पहले मिग-29 विमान अमेरिकी एफ-16 फाइटर जेट के मुकाबले के लिए लाए गए थे। यह कई मायनों में एफ-16 से बेहतर और शानदार विमान है।