वैलेंटाइन वीक में इस बार प्यार के इजहार के साथ कोरोना संक्रमण से बचाव का इंतजाम भी किया जाएगा। उपहारों पर ही लिखा है कि दो गज की दूरी का पालन है जरूरी। लोग ऐसे टी-शर्ट, कॉफी मग भी तैयार करा रहे हैं जिन पर वैलेंटाइन के संदेश के साथ कोरोना से बचाव का पैगाम भी है। ऐसे कुछ संदेश हैं, प्यार का इजहार दो गज की दूरी के साथ, प्यार को जिताना है, कोरोना को हराना है।
आगरा गिफ्ट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि इस बार वैलेंटाइन वीक में उपहारों पर भी कोरोना से बचने के पैगाम हैं। लोग अपनी पसंद से भी उपहारों में काम करा रहे हैं। उपहार में सैनिटाइजर और मास्क भी दिए जाएंगे। ऐसे मास्क आए हैं जिन पर दिल छपे हैं। वैलेंटाइन वीक के दौरान शहर भर से अनुमानित दो करोड़ के उपहार खरीद लिए जाते हैं।
अपनी पसंद का लिखवाओ संदेश
कलर लैब के संचालक श्रेयांश गोयल ने बताया कि पिछले तीन सालों में उपहार देने का चलन बदला है। लोग अब कॉफी मग, शर्ट के अलावा मास्क पर भी संदेश प्रिंट कराने लगे हैं। इसमें युवा, नवविवाहित लोग अधिक होते हैं। इस समय कोरोनाकाल में जागरूकता संदेश भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। प्रिंट कराने की कीमत 200 रुपये से शुरू होकर 20 हजार रुपये तक जाती है।