01एमएनपी-20-नवीगंज में चोरी की घटना के बाद जांच करते थानाध्यक्ष
- फोटो : MAINPURI
बेवर। थाना क्षेत्र की नवीगंज चौकी क्षेत्र के रहने वाले एक गुड़ व्यवसायी के घर के ताले तोड़कर चोर करीब सात लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। उसी रात चोरों ने दो अन्य स्थानों पर चोरी की वारदात अंजाम दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
कस्बा नवीगंज के रहने वाले विनोद कुमार गुप्ता गुड़ का कारोबार करते हैं। वह परिवार के साथ दुकान के ही पीछे बने मकान में निवास कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद विनोद घर चले गए थे। रात को किसी समय चोर घर में दाखिल हो गए और कमरों के ताले तोड़ कर अलमारी व बक्से में रखे जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। शुक्रवार की सुबह जब परिजन जागे तो घर में हुई चोरी की जानकारी हुई। अलमारी व बक्सों में रखा सामान कमरे में बिखरा हुआ था। जेवर और नकदी गायब थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गृहस्वामी से जानकारी ली। गृहस्वामी ने बताया कि चोर ढाई तोला का एक हार, कान की तीन जोड़ी झुमकी, पांच सोने की अंगूठी, चार जोड़ी पायल, मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, सोने का ओम, छह जोड़ी खडुआ, डेढ़ लाख रुपये की नकदी सहित करीब सात लाख की चोरी हुई है।
गुड़ व्यवसायी के घर में हुई चोरी की वारदात अकेली नहीं है। चोरों ने बृहस्पतिवार की ही रात रामनिवास जाटव के स्पेलर कारखाना की गोलक को तोड़ कर करीब एक हजार रुपया चोरी कर लिया। वहीं, गांव के पास ही मनफूल शाक्य के खोखा का ताला तोड़ कर करीब 1500 रुपये की नकदी व सामान आदि चोरी कर ले गए। एक ही रात में चोरी की तीन वारदात से स्थानीय लोगों में रोष है।
घटनास्थलों का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी जुटाई गई है। पुलिस जल्द से जल्द वारदातों का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजेगी।
सुरेश चंद्र शर्मा, थानाध्यक्ष