कासगंज में सोरों के गांव भूतल नगला में मैथा प्लांट जहां दो युवकों की टैंक की सफाई करते समय मौत हो ?
- फोटो : KASGANJ
सोरोंजी (कासगंज)। ब्लॉक क्षेत्र के गांव नगला भूतल में मैंथा प्लांट के टैंक की सफाई करने के लिए उतरे दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। जबकि एक मजदूर घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है। मजदूरों की मौत से उनके परिवार में चीत्कार मचा हुआ है।
नगला भूतल में गांव के ही चंद्रपाल मुखिया का मैंथा प्लांट लगा हुआ है। आगामी सीजन की तैयारी करने के लिए प्लांट की सफाई कराई जा रही थी। मंगलवार सायं करीब छह बजे टैंक में सफाई करने के लिए सहावर के ग्राम भिलौली निवासी संजीव (22) टैंक में उतरा। इसी बीच दूसरा मजदूर रामसनेही (22) भी टैंक में उतर गया। टैंक में ही दोनों बेहोश हो गए। इन दोनों मजदूरों को देखने के लिए प्लांट स्वामी चंद्रपाल मुखिया का पुत्र जितेंद्र मुंह पर कपड़ा बांधकर टैंक में उतरा। उसने अन्य साथियों के सहयोग से दोनों बेहोश मजदूरों को बाहर निकाला। इसी बीच जितेंद्र की हालत भी खराब हो गई। सभी को सोरोंजी के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन तब तक रामसनेही और संजीव की मौत हो गई। प्लांट स्वामी के पुत्र जितेंद्र का भी इलाज चल रहा है। प्लांट स्वामी और मजदूरों के परिजन ने प्रशासन व पुलिस को मामले की कोई सूचना नहीं दी। जब प्रशासन को सोशल मीडिया से जानकारी मिली तो तहसीलदार अजय कुमार गांव में पहुंचे। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौत मैंथा ऑयल टैंक में जहरीली गैस के प्रभाव से दम घुटने के कारण हुई है। उन्होंने बताया कि परिवार के लोगों ने कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराई है और न ही पीएम कराया है।