किशनी के प्राथमिक विद्यालय चितायन में निरीक्षण करने पहुंचे खंड शिक्षाधिकारी
- फोटो : MAINPURI
किशनी (मैनपुरी)। प्राथमिक विद्यालय चितायन में छात्र-छात्राओं से खाना बनवाना जितना गंभीर है, उससे ज्यादा गंभीर इसके पीछे की वजह है। रविवार को जांच करने पहुंचे खंड शिक्षाधिकारी को इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने रसोइया से हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप उपलब्ध कराई। इसमें रसोइया ने साफ शब्दों में कहा है कि अनुसूचित जाति की छात्रा द्वारा आलू काटे जाने की वजह से वह घर चली गईं।
रविवार को खंड शिक्षाधिकारी सर्वेश यादव विद्यालय जांच के लिए पहुंचे। उन्होंने बच्चों से खाना बनवाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने शिक्षिका, रसोइसों के बयान लेने के साथ ही बच्चों से अलग -अलग पूछताछ की। इस बीच इंचार्ज प्रधानाध्यापक प्रियंका ने लिखित रूप से अपना बयान सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने बीईओ को एक ऑडियो क्लिप भी मुहैया कराई। इस क्लिप में इंचार्ज प्रधानाध्यापक प्रियंका रसोइया कमलेश से फोन पर वार्ता कर रही हैं। उन्होंने रसोइया से विद्यालय से घर जाने का कारण पूछा। इस पर रसोइया कमलेश देवी ने बताया कि सब्जी बनाते समय अनुसूचित जाति की एक छात्रा ने आलू काटे थे, इसलिए उन्होंने खाना नहीं बनाया।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने किया खुद का बचाव
प्राथमिक विद्यालय चितायन में बच्चों से मिड-डे मील बनवाए जाने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन की सख्ती के बाद इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने ऑडियो क्लिप के माध्यम से खुद का बचाव करने की कोशिश की है। मामला तूल पकड़ने के बाद ही रविवार को इंचार्ज प्रधानाध्यापक की ओर से रसोइया को फोन करके घर जाने का कारण पूछा गया और कॉल को रिकार्ड कर लिया।