आगरा। ग्वालियर रोड स्थित डॉ. सूरजभान रावत क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में सूरजभान क्रिकेट अकादमी ने एकलव्य स्पोर्ट्स क्रिकेट टीम को चार विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मैच के सबसे बड़े हीरो मयंक तिवारी रहे, जिन्होंने पहले गेंदबाजी में चार विकेट चटकाए और फिर विस्फोटक 81 रन की पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
खेले गए मुकाबले में एकलव्य स्पोर्ट्स क्रिकेट टीम ईएससीटी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 186 रन बनाए। टीम की ओर से जतिन कुमार ने 44, आर्यन सिंह ने 28 और देवेंद्र तरौलिया ने नाबाद 26 रन की पारी खेली। सूरजभान क्रिकेट अकादमी की ओर से मयंक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में 33 रन देकर चार विकेट लिए। नितेश ने दो और दीपक नरवार व आनंद ने एक-एक विकेट मिला।
187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सूरजभान क्रिकेट अकादमी की शुरुआत संभली हुई रही। इसके बाद मयंक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 54 गेंदों में 81 रन ठोंक दिए। उनकी पारी में आठ चौके और पांच छक्के शामिल रहे। शिवम अग्रवाल ने 44 और सौरव चौधरी ने 25 रन बनाए। कप्तान मयंक रावत 19 रन बनाकर नाबाद लौटे। टीम ने 35.4 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ईएससीटी की ओर से कुलदीप और प्रिंस रघुवंशी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मनु जैसवार और विनीत को एक-एक सफलता मिली। संवाद