अगर कोई वाहन चालक तय रफ्तार से अधिक स्पीड में वाहन चलाता है तो सीसीटीवी कैमरे वाहन की नंबर प्लेट का फोटो खींच लेंगे, जिससे वाहन का डाटा सीधे एनआईसी के पास पहुंच जाएगा और चालान कट जाएगा।
एक्सप्रेसवे अथॉरिटी ने कोहरे में होने वाले हादसों को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार को कम कर दिया है। कार की गति 75 और भारी वाहनों की 60 किमी प्रतिघंटा निर्धारित कर दी गई है। इसके साथ ही कोहरे के दौरान ड्राइविंग के निर्देश भी जारी किए गए हैं। हालांकि एक्सप्रेसवे से बैटरियों की लूट व चोरी के बाद यहां लगे 19 सीसीटीवी, 25 वीआईडीएस कैमरे और 42 स्पीड कैमरों में से 3 स्थानों पर निगरानी नहीं हो पा रही है। वहीं रात्रि एक से सुबह पांच बजे के बीच वाहन चालकों को चाय पिलाने के भी निर्देश हैं।
विज्ञापन
आगरा से नोएडा 165 किमी लंबे यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी ने नए निर्देश लागू किए हैं। टोल प्लाजा इंचार्ज रिटायर्ड मेजर मनीष ने बताया कि अथॉरिटी ने कोहरे को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर कारों की गति 100 से घटाकर 75 व भारी वाहनों की गति 60 किमी प्रतिघंटा निर्धारित कर दी है। 28 फरवरी तक यह नियम लागू रहेगा।
यमुना विकास प्राधिकरण अथॉरिटी नोएडा के निर्देश पर वाहनों की रफ्तार को कम करने संबंधी आदेश टोल कंपनी जेपी ग्रुप को दिए गए हैं। निर्देशों में साफ है कि अगर कोई वाहन चालक तय रफ्तार से अधिक स्पीड में वाहन चलाता है तो सीसीटीवी कैमरे वाहन की नंबर प्लेट का फोटो खींच लेंगे, जिससे वाहन का डाटा सीधे एनआईसी के पास पहुंच जाएगा और चालान कट जाएगा।