कोसीकलां (मथुरा)। कोरोना जांच के लिए किट न मिलने पर लौट रहे लोगों ने कोसीकलां सीएचसी पर हंगामा किया। बाद में अन्य कर्मचारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। आरोप लगाया कि किट होने के बाद भी कर्मचारी बिना दलालों के जांच करने को तैयार नही हैं।
कोरोना की टेस्ट किट का संकट खड़ा हो गया है। सीएचसी पर कोरोना का रेपिड एंटीजेन टेस्ट हो रहा है और न ही आरटीपीसीआर हो पा रहा है। लोग नगर में परेशान घूम रहे हैं। बुधवार को जांच कराने पहुंचे लोगों को कर्मचारियों ने किट न होने का बहाना बनाकर लौटाना शुरू कर दिया। इससे लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा करना शुरू कर दिया।
लोगों का आरोप है कि सीएचसी पर दलालों का बोलबाला है। बिना दलालों के माध्यम से कर्मचारी जांच करने को तैयार नहीं हैं। हरीपुरा निवासी सोनू पटेल ने बताया कि जब वह जांच कराने गए तो कर्मचारी ने उनसे जांच किट न होने कहकर वापस कर दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. गिरेंद्रपाल सिंह का कहना था कि अगर कोई शिकायत मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।