कोसीकलां (मथुरा)। नगर पालिका परिषद में सेवक से कर संग्रहकर्ता बने राहुल ने गृहकर-जलकर की वसूली के रुपयों को ऑनलाइन गेम में खपा दिया। इसका खुलासा शुक्रवार को कर अधीक्षक अनिरुद्ध भारती द्वारा कर संग्रहकर्ताओं की समीक्षा बैठक में हुआ। बाद में कर संग्रहकर्ता ने वसूली के तीन लाख 29 हजार रुपये जमा करा दिए। ईओ ने कर संग्रहकर्ता को निलंबित कर सरकारी रुपये के गबन का मामला दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
वाटर वर्क्स परिसर निवासी राहुल सेवक के पद पर तैनात था, जिसे बाद में कर संग्रहकर्ता के पद पर तैनात कर गृहकर-जलकर वसूली में लगा दिया गया। राहुल ने 31 मार्च से 31 अगस्त तक गृहकर-जलकर वसूली फार्म- 5 के माध्यम से की। लेकिन एक भी रुपये जमा नही कराए। समीक्षा बैठक में जब देखा गया तो राहुल से पूछताछ की गई।
उसकी फार्म-5 की पुस्तक देखी तो कर अधीक्षक के होश उड़ गए। कर अधीक्षक ने जब राहुल से पूछताछ की तो उसने पुस्तक लाने में आनाकानी की। बाद में सख्ती पर पुस्तक पेश की, जिसमें उसने 31 मार्च से 31 मार्च 2021 तक तीन लाख 29 हजार की वसूली की गई है। लेकिन एक भी रुपये नगर पालिका के खाते में जमा नहीं कराया। राहुल ने बताया कि वसूली किए गए रुपये उसने ऑनलाइन गेम जैसे रमी, फ्लैश में खर्च कर दिए।
मामले की जांच के लिए कर अधीक्षक अनिरुद्ध भारती को जांच अधिकारी बनाकर कर संग्रहकर्ता राहुल को निलंबित कर दिया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
- पूर्णिमा दुबे, ईओ, नगर पालिका कोसीकलां