सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी दिगंबर
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा जनपद में हुए सामूहिक दुष्कर्म के प्रकरण में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं पीड़िता ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी। जिसके बाद शुक्रवार को उसकी हालत में सुधार है। पुलिस ने पीड़िता को अदालत में ले जाकर बयान दर्ज कराए। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के दूसरे आरोपी दिगंबर निवासी गांव मुड़कुटी पलवल हरियाणा को देर शाम गिरफ्तार किया।
चलती कार में किया था सामूहिक दुष्कर्म
कोसीकलां क्षेत्र की रहने वाली युवती से चलती कार में चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। इसके बाद पीड़िता को हाईवे किनारे फेंक दिया। यह वारदात मंगलवार को हुई थी। जब युवती दरोगा भर्ती परीक्षा देकर आगरा से घर लौट रही थी। कोसीकलां आने के लिए युवती परिचित युवक के कहने पर कार में बैठी थी। पुलिस ने मामले में नामजद मुख्य आरोपी को गुरुवार को पकड़कर चालान कर दिया, जबकि उसके साथी की तलाश में दिल्ली में दो टीमों ने दबिश दी।
दो रिश्तेदार भी लिए हिरासत में
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए दो रिश्तेदारों को हिरासत में ले लिया। शाम को उन्हें छोड़ दिया। पुलिस ने शुक्रवार की शाम को कोटवन चौकी के समीप से दूसरे आरोपी दिगंबर को भी पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी कहीं भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि घटना में शामिल दूसरे आरोपी दिगबंर को देर शाम पकड़ लिया गया है, पुलिस ने पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज कराए हैं।
फांसी की मांग
पीड़ित युवती के परिजनों का कहना था कि विप्र जाति में पैदा होना किसी अभिशाप से कम नहीं। अगर यही घटना किसी अन्य जाति के किसी परिवार के सदस्य के साथ होती तो नेताओं एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों का जमावड़ा लगा रहता और उनमें हर संभव न्याय दिलाने और सहायता करने की होड़ लगी रहती। हालांकि प्रशासन ने एक आरोपी को पकड़कर घटना का खुलासा करने का दावा तो किया है, लेकिन जब तक सभी आरोपियों को फांसी के फंदे तक नहीं पहुंचाया जाता, तब तक उनके घाव नहीं भर पाएंगे।
मथुरा सामूहिक दुष्कर्म कांड: आठ दिन पहले हुई थी पीड़िता के पिता की मौत, वारदात से सदमे में परिवार