विश्व हिंदू परिषद की सोमवार को अखंड परम धाम में महामंडलेश्वर स्वामी चित्तप्रकाशानंद गिरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में विहिप के प्रांतीय धर्माचार्य संपर्क प्रमुख कैप्टन हरिहर शर्मा ने कहा कि 24 से 26 नवंबर तक कर्नाटक के उडूपी में विहिप की धर्मसंसद हो रही है। धर्मसंसद में शामिल होने ब्रजक्षेत्र से संत-महंत 22 नवंबर को प्रस्थान करेंगे।
विहिप मार्गदर्शक मंडल के केंद्रीय सदस्य रामदेवानंद सरस्वती ने कहा कि धर्मसंसद में अयोध्या में राममंदिर निर्माण को लेकर अहम फैसला लिया जाएगा। सरकार से मांग की जाएगी कि गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर अयोध्या में भी राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो।
विहिप उच्चाधिकार समिति के सदस्य महंत फूलडोल बिहारीदास और सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजनारायण द्विवेदी ने कहा कि धर्मसंसद में मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या की सांस्कृतिक सीमा के अंदर किसी भी मस्जिद का निर्माण नहीं, बाबरी के नाम से देश के किसी भी कोने में कोई भी मस्जिद नहीं जैसे मुद्दों पर निर्णय लिया जाएगा।
कार्यशाला में रखे पत्थरों से ही मंदिर का निर्माण, रामजन्मभूमि न्यास द्वारा ही मंदिर निर्माण एवं पूर्व में निर्धारित प्रारूप पर ही मंदिर निर्माण होगा जैसे मुद्दों पर भी निर्णय होगा। बैठक में महंत वंदनदास, महंत स्वामी रामस्वरुप ब्रह्मचारी, महामंडलेश्वर नवलगिरी, विनीत कुमार द्विवेदी, डॉ. मनोजमोहन शास्त्री, गिर्राज शर्मा, रामजीवन उपस्थित थे।