कोकिलावन में दुकानों के आगे गोले बनवाते हुए एसडीएम हनुमान प्रसाद।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। कोरोना संक्रमण के कहर में कोकिलावन शनिदेव मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं को भी सरकार की गाइडलाइन का पालन करना होगा।
शनिदेव मंदिर में शुक्रवार की रात्रि से हजारों की संख्या में हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु शनिदेव के दर्शनों को आते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्य, सीओ जितेंद्र कुमार ने मंदिर महंत प्रेमदास महराज के साथ चर्चा की। एसडीएम ने कहा कि बिना मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा। सैनिटाइजर की भी व्यवस्था कराई जाएगी। एसडीएम ने कहा कि शनि दर्शन को आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी हम सबकी है। दर्शन में देरी भले हो जाए, लेकिन कोविड संक्रमित न हो, यह स्वीकार्य नहीं है। सीओ ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि वह कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए सामान की बिक्री करें। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोकिलावन चौकी प्रभारी ने 12 दुकानदारों के चालान किए।
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी कोरोना संक्रमित
लालाराम मार्ग स्थित नव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शुक्रवार को केंद्र को सैनिटाइज कराया गया। केंद्र पर कोई काम नहीं हुआ। सीएचसी प्रभारी डॉ. गिरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि 190 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। केंद्र पर वैक्सीन की खेप शनिवार शाम तक आने की उम्मीद है।