फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मथुरा: राधा-कृष्ण बने सियाराम, शाम को हुआ दीपदान; जन्मभूमि पर दिखा मनोहरी दृश्य

Mon, 22 Jan 2024 10:01 PM IST
धीरेन्द्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा

सार

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दीपोत्सव मनाया गया। कान्हा की नगरी में इस दौरान कृष्ण जन्मभूमि पर दीपदान हुआ। भागवत भवन स्थित श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार ने श्रीसियाराम रूप में दर्शन दिए।
 
विज्ञापन
दीपदान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मथुरा में प्रभु श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की खुशी में जिले के प्रमुख मंदिरों में श्रीकृष्ण ने श्रीराम का रूप धरकर दर्शन दिए। प्राचीन केशवदेव सहित अन्य मंदिरों में भी ठाकुरजी ने श्रीराम का रूप धरकर भक्तों को निहाल किया। इस दौरान मंदिर प्रांगण जय सियाराम के उद्घोष से गूंजते रहे।
विज्ञापन


श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर विराजमान भगवान श्रीकेशवदेव महाराज ने श्रीरामरूप में एवं भागवत भवन स्थित श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार ने श्रीसियाराम रूप में दर्शन दिए। श्रीराधाकृष्ण को राम रूप देने के लिए उनका विशिष्ट शृंगार किया गया। सुबह हवन-पूजन, पुष्प सहस्त्रार्चन, दोपहर को ठाकुरजी की विशेष महाआरती की गई। सुविख्यात भजन गायक जगदीश ब्रजवासी एवं उनकी मंडली ने रामधुन के मंगल भजन गाए। शाम को संपूर्ण जन्मभूमि प्रांगण में विशाल दीपदान किया गया। इस दौरान दिवाली जैसा माहौल नजर आया।


प्राचीन मंदिर ठाकुर श्रीकेशव देव मंदिर में सुबह ही केशवदेव का 51 किलो दूध से पंचामृत अभिषेक कर श्रीराम रूप देने के लिए सुंदर पोशाक धारण कराई। उन्हें धनुष-बाण धराए गए। इसके बाद ठाकुरजी ने श्रीराम रूप में दर्शन दिए। संगीतमय सुंदर कांड का पाठ बृजमोहन गौतम के नेतृत्व में हुआ। श्री कृष्णा सामूहिक संकीर्तन मंडल की सदस्य ने भजन संध्या की। शाम को मंदिर प्रांगण में 1100 दीपकों से दीपदान किया गया। कमेटी अध्यक्ष सोहनलाल शर्मा, सुरेश अग्रवाल, बिहारी लाल गोस्वामी, विजय बंसल, मनमोहन सराफ, मीडिया प्रभारी नारायण प्रसाद शर्मा आदि मौजूद रहे। गोपीनाथ मंदिरों सहित अन्य मंदिरों में भी श्रीराम रूप में ही श्रीकृष्ण ने दर्शन दिए।
विज्ञापन

 

यमुना घाट पर ब्रजवासियों ने किया दीपदान, जगमग हुए घाट
 रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर गोकुल में यमुना घाट पर ब्रजवासियों ने दीपदान किया। हाथों में भगवा झंडा लेकर घाट पर पहुंचे राम भक्तों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के दिन पूरे देश में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। कान्हा के नगरी के लोगों ने भी इस दिन को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। समाजसेवी सविता सिंह सरोज ने बताया कि 22 जनवरी का दिन पूरे देश बड़ा त्योहार की तरह मनाया गया है। यमुना के घाटों पर राम धुन बज रही है। सभी भक्त, भगवान राम के भजनों पर झूम रहे हैं।

श्रीराम मंदिर में हुआ अखंड रामायण पाठ
 सराय आजमाबाद आजमपुर में भगवान श्रीराम के मंदिर पर दो दिन का अखंड रामायण पाठ व भंडारे का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया ने बताया कि उन्होंने 1989 में अपने घर पर एक माह तक राम ज्योति जलाकर प्रभु श्रीराम के आगमन की कामना की थी। रवि अहेरिया, रामेश्वर रावल, रामनारायण अहेरिया, राजवीर अहेरिया, कन्हैया रावल, नरेंद्र अहेरिया आदि मौजूद रहे। 
 

हनुमान मंदिर में मनाया रामलला प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर नौहझील स्थित झाड़ी हनुमान मंदिर में जश्न का माहौल नजर आया। मंदिर प्रांगण में भक्तों ने भगवान राम के जयकारे लगाए। महंत राम रतन दास महाराज ने झाड़ी हनुमान मंदिर में अखंड राम भजन संकीर्तन का शुभारंभ किया। भाजपा नेता जगदीश नौहवार ने पत्नी सुनीता नौहवार के साथ मंदिर प्रांगण में दीपक जलाए। देर रात तक राम भक्त भजनों पर झूमते नजर आए। भाजपा जनकल्याण योजना के जिलाध्यक्ष मनीष जिंदल, आरएसएस के रासबिहारी शर्मा, ग्राम प्रधान प्रशांत गुप्ता, विवेक जिंदल, राजकुमार चौधरी, अनिल शर्मा, हरीश चौधरी, सर्वेश चौधरी, चंद्रवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
 
विज्ञापन

राधेश्वर महादेव मंदिर से निकाली गई कलश यात्रा
रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर राधा नगर स्थित राधेश्वर महादेव मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। मंदिर प्रांगण में सुंदरकांड का पाठ किया गया। आयोजन में काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। ठाकुर जी की महाआरती की गई। संयोजक सुखदायल अरोड़ा ने बताया कि भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें