मथुरा के बरसाना में पिछले महीने छाता गोवर्धन रोड पर राहगीर से बाइक व मोबाइल लूटने वाले बदमाशों से पुलिस की सहार के जंगलों में मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। वहीं उसके दो साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूट की बाइक व मोबाइल सहित तमंचा कारतूस बरामद किया है।
बता दें 23 फरवरी को थाना गोवर्धन के गांव पाली निवासी जितेंद्र गिन्नी फैक्टरी से काम करके बाइक से छाता गोवर्धन मार्ग होते हुए अपने गांव जा रहे थे, तभी छाता से पीछे दो बाइक सवारों ने जितेंद्र से सहार के पास तमंचा दिखाकर बाइक, मोबाइल और नगदी लूट ली। घटना की सूचना पर पुलिस ने आज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
ये भी पढ़ें - Etah: जयमाला के बाद खुला दूल्हे का ऐसा राज, शादी के मंडप से पहुंचा जेल; एक-एक कर भागे बराती
मुखबिर से मिली सूचना
बृहस्पतिवार को मुखबिर द्वारा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पंवार को सूचना मिली कि तीन बदमाश बाइक से सहार की तरफ आ रहे है। पुलिस ने सहार के जंगलों में बदमाशों की घेराबंदी करनी शुरू कर दी। पुलिस से खुद को घिरता देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। वहीं पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से सिहारा निवासी रामकिशन घायल हो गया। घायल बदमाश के बाएं पैर ने गोली लगी है, जबकि उसके दो साथी घनश्याम व कृष्णा निवासी देवीपुरा थाना हाइवे को दबोच लिया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने पकड़े गये बदमाशों के कब्जे से लूट की बाइक, मोबाइल व तमंचा कारतूस बरामद किए है। घायल बदमाश रामकिशन पर हाइवे व शेरगढ़ थाना तथा कोतवाली में लूट चोरी के मुकदमें दर्ज हैं। सीओ गोवर्धन राममोहन शर्मा ने बताया कि उक्त बदमाशों ने गोवर्धन छाता मार्ग पर एक राहगीर से लूट की थी। जिसके बाद पुलिस मुठभेड़ में तीनों बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इस दौरान पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया।