मथुरा के फरह टोल से दबोचे बदमाश 25 लाख के टायर लदा ट्रक लूट कर भाग रहे थे। उनकी कार में बेहोश ट्रक ड्राइवर मिला। जिसके बाद पुलिस ने दो अन्य बदमाशों को लूटे ट्रक सहित दबोच लिया। पकड़े गए वाहन लुटेरे बदमाशों ने गोवर्धन और कोसीकलां में लूटी गई वारदात भी कबूल की हैं।
दरअसल पिछले दिनों कोसीकलां और गोवर्धन में हुईं वाहन लूट की वारदातों में पुलिस ने विक्रम गुर्जर के गिरोह का टारगेट पर ले रखा था। सोमवार की रात को पुलिस उसकी टोह में टोल पर नजरें गढ़ाए थीं। सूचना के आधार पर कार में मौजूद बदमाशों को रोकने का प्रयास किया लेकिन जब वह नहीं रुके तो पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी।
ये भी पढ़ें: चेतावनीः जहां मिलेगी भीड़... उसी को बना देंगे बफर जोन, मिनी लॉकडाउन में रहेगी निजी वाहन पर रोक
फायरिंग के बाद पुलिस ने कार में बैठे हरिओम गुर्जर निवासी रांकौली थाना बरसाना और विक्रम गुर्जर निवासी बरहना थाना पहाड़ी भरतपुर राजस्थान को दबोचा। इसी कार में एक व्यक्ति बेहोश पड़ा था। बदमाशों से पूछताछ की तो वह व्यक्ति जान मौहम्मद पुत्र हसरत निवासी जयहिन्दपुरी थाना कामा जिला भरतपुर राजस्थान निकला। जो कि 25 लाख से अधिक की कीमत के एमआरएफ के टायर लेकर आ रहा था।
रास्ते में बदमाश पहले ट्रक में बैठे और किसी प्रकार से ट्रक चालक को पानी की बोतल में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया और अपनी गाड़ी में डाल लिया। उसके ट्रक को लेकर दो अन्य बदमाश लेकर आ रहे थे। पुलिस ने आगरा दिल्ली हाइवे पर ट्रक लेकर जा रहे शहजाद पुत्र हनीफ मेव निवासी पीपल थाना गोपालगढ़ भरतपुर राजस्थान और नेत्रपाल पुत्र लज्जे गुर्जर निवासी रांकौली थाना बरसाना को गिरफ्तार कर लिया।
मध्यप्रदेश दतिया से ट्रक में सवार हुए थे लुटेरे
हैदराबाद से भिवाड़ी जा रहे ट्रक को लूटने के उद्देश्य से दतिया मध्यप्रदेश से शातिर बदमाश शहजाद कंडक्टर बनकर ट्रक चालक के साथ हो लिया। मथुरा में प्रवेश करने से पहले उन्होंने उसे उसकी ही पानी की बोतल में नशीला पदार्थ पिला दिया था। जिससे वह बेहोश हो गया और उसे साथ ही चल रही कार में डाल लिया।
गोवर्धन में लूटी थी इनोवा, कोसी में ट्रैक्टर-ट्रॉली
विक्रम गुर्जर गिरोह ने ही कुछ दिन पूर्व गोवर्धन में इनोवा लूटी थी। यह इनोवा दिल्ली से किराए पर करके लाए थे। जब कि कोसीकलां में ट्रैक्टर ट्रॉली लूटी थी।
सीओ छाता की टीम को 25 हजार का इनाम
बदमाशों को दबोचने में सफलता पाने वाली क्षेत्राधिकारी छाता की जगदीश कालीरमण, छाता, फरह, शेरगढ़ पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया है। अभी इस गैंग पर काम बाकी है। कुछ और बदमाशों को भी सलाखों के पीछे किया जाएगा। - गौरव ग्रोवर, एसएसपी