मथुरा के कोसीकलां में मंगलवार को पांच बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इनके कब्जे से तीन सौ टका (बांग्लादेशी मुद्रा), दो मोबाइल, डायरी बरामद की है। बांग्लादेशी नागरिकों को यहां लाने वाले दो एजेटों की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने इनके खिलाफ विदेशी अधिनियम व पासपोर्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी ग्रामीण आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार को मिली सूचनाओं के आधार पर सोमवार रात ईदगाह के समीप से पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों को पकड़ लिया। जब इन लोगों से पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे तो वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। पूछताछ की तो पता चला कि पांचों बांग्लादेशी नागरिक हैं और अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान बच्चू सरदार, हफीजुल, असरफ, रसीदा, मोरियम निवासी कटाबुनिया, जनपद खुलना, बांग्लादेश के रूप में हुई। पुलिस ने पांचों को विदेश अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गफ्फूर, पदम को तलाश कर रही है।