मथुरा। वृंदावन स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करते श्रद्धालु।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह मंदिर के पट खुलने के साथ ही भक्त मंदिर में प्रवेश कर गए। यहां भक्तों ने अपने आराध्य लाडले ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के दर्शन कर मनौती मांगी। मंदिर के अंदर और बाहर भक्तों का रेला था। दर्शन करने की चाह में पहुंचे भक्तों को अव्यवस्थाओं से दो चार होना पड़ा। मंदिर परिसर में तिल भर रखने का स्थान नहीं था।
मंदिर को जाने वाले सभी रास्ते भक्तों की भीड़ से जाम पड़े रहे। इधर रात 12 बजे ठाकुरजी के अभिषेक के दर्शन के साथ मंगला आरती के दर्शन के लिए भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शहर की सड़कों पर दिन भर रहा जाम
पुलिस की लापरवाही के कारण वृंदावन की सड़कों पर दिन भर जाम के हालात रहे। शहर के नाकों से लेकर शहर के अंदर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। वृंदावन मथुरा मार्ग पर सबसे अधिक जाम की स्थिति रही। छटीकरा मार्ग भी जाम के नाम रहा। शहर के अंदर भी अटल्ला चुंगी, रमणरेती, इस्कान पर जाम के हालात रहे।