वृंदावन (मथुरा)। भगवान श्रीराधाकृष्ण की लीला भूमि वृंदावन में कोविड से लड़ने के लिए एक और चिकित्सालय का शुभारंभ होने जा रहा है। इस नए कोविड चिकित्सालय में एलोपैथी, आयुर्वेदिक और नेचुरल पैथी के साथ चिकित्सा में योग, हास्य आध्यात्मिक समावेश भी रहेगा। कोविड के उपचार में यह नई पहल वात्सल्य ग्राम ने की है।
शनिवार को जानकारी देते हुए साध्वी दीदी मां ऋतंभरा ने बताया कि वात्सल्य ग्राम में सोमवार से ब्रजवासियों की सुविधा के लिए कोविड के साथ जनरल हॉस्पिटल शुरू हो रहा है। यह ऐसा कोविड- सेंटर होगा, जिसमें एलोपैथी के साथ आयुर्वेद, नेचुरल पैथी, होम्योपैथी से उपचार के साथ आत्मबल को बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए मरीज को स्वस्थ करने के प्रयास होंगे। यह सौ बेड का हॉस्पिटल होगा। इसमें बड़ी टीवी स्क्रीन से संत महापुरुषों विद्वानों का आशीर्वचन और उनके द्वारा रोगियों से वार्तालाप की सुविधा रहेगी। प्रेरक प्रवचन के साथ हास्य योग भी चलेगा।
संजय भैया एवं आचार्य मृदुल कांत ने बताया कि 31 मई को उद्घाटन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। भजन आश्रम चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन चांद बिहारी पाटोदिया, राजेंद्र खेतान, डॉ. श्याम अग्रवाल, जय भगवान अग्रवाल मौजूद रहे।