मैनपुरी/औंछा। विधानसभा करहल क्षेत्र के औंछा में बनी मेटरनिटी विंग का सात साल बाद ताला खुल गया। ‘अमर उजाला’ द्वारा छह मई को प्रकाशित समाचार के बाद इसे चालू किया गया है। इससे गर्भवती महिलाओं को लाभ मिलेगा।
सपा शासन में औंछा में वर्ष 2015-16 में मेटरनिटी विंग बनाई गई थी। इसका उद्देश्य एटा और मैनपुरी के सीमावर्ती गांवों की प्रसूताओं को लाभ देना था। मेटरनिटी विंग बनने के बाद भी उसको चालू नहीं किया गया। छह मई को समाचार प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मेटरनिटी विंग को चालू करा दिया है। यहां सामुदयिक स्वास्थ्य केंद्र औंछा में तैनात स्टाफ नर्स नैंसी, ममता, अंजना चौहान, वार्ड आया रजनेश को संबद्ध किया गया है। शनिवार को 14 गर्भवती महिलाएं मेटरनिटी विंग में उपचार और सलाह लेनेे पहुंची। उन्होंने विंग चालू होने पर खुशी जताई। कहना था कि अब प्रसव के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
चिकित्सक की जल्द होगी तैनाती
औंछा की मेटरनिटी विंग को चालू कर दिया गया है। स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। कमी के चलते अभी चिकित्सक की तैनाती नहीं हुई है। शीघ्र ही चिकित्सक की तैनाती कर दी जाएगी।
डॉ. पीपी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।