फोटो। पारौली सिकरवार गांव के जंगल में लगी आग को बुझाते फायर ब्रिगेड कर्मी
फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पारौली सिकरवार के जंगल में रविवार रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है।
रविवार रात करीब 9 बजे पारौली सिकरवार के जंगल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। देर रात तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहे। ग्रामीणों के अनुसार अब तक करीब 15 से 20 बीघा जंगल में खड़े पेड़-पौधे जलकर राख हो चुके हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।