बैंक में लगी आग बुझाने पहुंची दमकल की गाड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र के संजय प्लेस स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में बुधवार रात तकरीबन दो बजे भीषण आग लग गई। गार्ड ने धुआं निकलता देखकर पुलिस और बैंक अधिकारियों को जानकारी दी। दो घंटे बाद बैंक का चैनल और गेट खोला गया।
इसके बाद दमकल के कर्मियों ने अंदर प्रवेश करके पानी डाला। तब कहीं आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में कुछ फर्नीचर और कंप्यूटर जल गए। गनीमत रही कि स्ट्रांग रूम तक आग नहीं पहुंची। पुलिस का कहना है कि कैश सुरक्षित है। अग्निकांड में नुकसान का आकलन बैंक अधिकारी कर रहे हैं। आग लगने का कारण शार्ट होने की आशंका है।
संजय प्लेस के एफ ब्लॉक में कल्पनिधि टावर के प्रथम तल पर पंजाब नेशनल बैंक की शाखा है। चौकी प्रभारी राजीव सोलंकी ने बताया कि रात तकरीबन सवा दो बजे बैंक परिसर में आग लगी होने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस पहुंच गई। कुछ ही देर में चार दमकल भी आ गईं।