आग में झुलसकर दो साल के मासूम की हुई मौत
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के माधौनगर में बुधवार रात एक परिवार को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की गई। घर में लगाई गई आग में जलने से बच्चे की मौत हो गई। वहीं दंपती और दो बेटियां गंभीर रूप से झुलस गईं। हालत गंभीर होने पर घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के माधौनगर (खरपरी) निवासी 45 वर्षीय राम बहादुर बुधवार की रात पत्नी सरला देवी (42), पुत्री रौली (18) व शिखा (16) और दो वर्षीय नाती ऋषि के साथ घर के एक कमरे में सो रहे थे।
यूपी: कार-कैंटर की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
आरोप है कि रात करीब 12 बजे होली पर डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के चलते रंजिश मान रहा पड़ोसी मुरारी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ। उसने कमरों की कुंड़ी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद मिट्टी का तेल डालकर घर में आग लगाकर वहां से भाग गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
चीख पुकार सुनकर घर में मौजूद अन्य परिजन जाग गए। वहीं आसपास के लोग भी घटनास्थल पर आ पहुंचे। अफरा-तफरी के बीच घर में लगी आग को बुझाने के प्रयास किए जाने लगे।
दरवाजे की कुंड़ी खोलकर गंभीर रूप से झुलस चुके रामबहादुर, सरला, रौली, शिखा और दो वर्षीय ऋषी को बाहर निकाला गया। इसके बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से सभी को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। रास्ते में ऋषि ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार वहां चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी अजय कुमार पांडेय, एसडीएम रजनीकांत पांडेय, क्षेत्राधिकारी अभय नारायण व पुलिस बल के साथ माधौनगर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। परिजनों द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद आरोपी मुरारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। रामबहादुर के भाई जगदीश की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या फिर लगाई गई है इसकी जांच पुलिस कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -अजय कुमार, एसपी।