एटीएम तक पहुंची लपटें, एसी के आउटर जले
रेस्तरां के बगल में ही एचडीएफसी बैंक की शाखा और एटीएम है। आग की लपटें एटीएम तक पहुंच गईं। इससे एटीएम केबिन का शीशा जल गया। वहीं बाहर रखे एसी के आउटर भी जल गए। बैंक बंद हो चुकी थी। मगर, उसमें धुआं भर गया। बाद में बिल्डिंग के मालिक उदितांशु आ गए। उन्होंने बैंक मैनेजर को जानकारी दी। इस पर बैंक को खोलकर धुआं निकाला जा सका। उनका कहना था कि बैंक में आग पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान हो जाता
रेस्तरां में थे नौ सिलिंडर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस समय रेस्तरां में आग लगी, उस समय करीब 9 गैस सिलिंडर रखे हुए थे। कर्मचारियों ने आग के बीच सिलिंडरों को निकालना शुरू किया। मगर कुछ अंदर ही रह गए। लपटों की वजह से अंदर नहीं जा पा रहे थे। बाद में दमकलकर्मियों ने सिलिंडर बाहर निकाले। उधर, आग देखकर रास्ते से निकल रहे लोगों के वाहन थम गए। शाहगंज पुलिस ने रास्ता रोक दिया। बाद में वाहनों को निकाला जा सका।
धमाके के साथ टूटे शीशे
रेस्तरां का काउंटर और दरवाजे पर शीशे लगे हुए थे। आग लगने पर शीशा तेज धमाके के साथ फटने लगा। आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए। संचालक का कहना था कि अमूमन रात के समय रेस्तरां में ग्राहकों की संख्या अधिक रहती है। मगर हादसे के समय संख्या कम थी। इस वजह से कुछ ही देर में लोग बाहर आ गए। कोई अंदर नहीं फंस सका। पुलिस और दमकलकर्मियों ने तत्परता से समय रहते आग पर काबू कर लिया।