आगरा। बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में भारत विकास परिषद संस्कार शाखा की ओर से 24वें सामूहिक विवाह समारोह में छह कन्याओं के हाथों में पिया के नाम की मेहंदी रची। ढोलक की थाप और भजनों के बीच विवाह समारोह की शुरुआत महिला संगीत के साथ हुई, जहां परिषद की महिला सदस्यों ने पारंपरिक मंगल गीत गाए। ढोलक की गूंज पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और भजनों के माध्यम से वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि की कामना की।
आज निकलेगी बरात, कल होगा पाणिग्रहण संस्कार
परिषद के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने बताया कि आज सुबह 11 बजे बल्केश्वर स्थित सीताराम कॉलोनी से गाजे-बाजे के साथ बरात प्रस्थान करेगी, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई महालक्ष्मी मंदिर पहुंचेगी। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इस दौरान पोली भाई, केके चौहान, कैलाश चंद्र गुप्ता, अजय अग्रवाल, नीरू गुप्ता, बीएन प्रदीप मित्तल, जेपी बंसल, रामकुमार गुप्ता, ऋषि अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद