आगरा के राजपुर चुंगी क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल से गिरने पर 70 वर्षीय राजमिस्त्री सुरेश की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने समझौता कराकर यातायात बहाल कराया।
आगरा के थाना सदर के राजपुर चुंगी क्षेत्र के उखर्रा रोड पर रविवार दोपहर निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर काम कर रहे राजमिस्त्री की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद पहुंचे परिजन ने सड़क पर शव रख हंगामा शुरू कर दिया। जाम लगाकर वाहन रोक दिए। पुलिस ने समझाकर शांत कराया और यातायात सुचारु कराया।
राजपुर चुंगी के प्रेम नगर निवासी सुरेश (70) राजमिस्त्री थे। वह तीन माह से उखर्रा रोड पर पवन शर्मा के निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे दूसरी मंजिल पर काम करने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह नीचे आ गिरे। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके कारण जाम लग गया।
सूचना पर सुरेश के परिजन पहुंच गए। उन्होंने मकान स्वामी पर लापरवाही का आरोप लगाया और शव सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर थाना पुलिस पहुंच गई। परिजन को समझाया। बातचीत के बाद मकान मालिक मुआवजा देने को तैयार हो गया। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।