कासगंज की जामा मस्जिद पर लटका ताला
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। लॉकडाउन को लेकर सख्त प्रशासन ने शुक्रवार को मस्जिदों की निगरानी बढ़ा दी है। जुमे की नमाज को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों से घरों में नमाज पढ़ने की अपील की है। मस्जिदों में ताले डलवाए गए। मौलवियों की ओर से मस्जिदों के बाहर नोटिस चस्पा किया गया है। शहर से लेकर कस्बाई क्षेत्रों तक अधिकारी भ्रमण करते रहे। इस दौरान लोगों ने घरों में ही नमाज अदा की।
सरकार ने लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सामाजिक दूरी बढ़ाने पर बल दिया है। ऐसे में जहां एक ओर मंदिरों के दरवाजे देव दर्शन के लिए बंद हैं वहीं मस्जिदों में भी नमाज पढ़ने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। ताकि भीड़भाड़ एकत्रित न हो सके। शुक्रवार को जुमे की नमाज थी। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती।
डीएम सीपी सिंह, एसपी सुशील घुले गंजडुंडवारा, अमांपुर सहित अन्य कस्बों में स्वयं निगरानी के लिए निकले। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि घरों में रहकर ही नमाज पढ़े। मुस्लिम धर्मगुरुओं से अपील की गई कि लोग घरों में ही नवाज अदा करें। इसके बाद लोगों ने घरों पर ही नवाज अदा की मस्जिद नही पहुंचे।
एसडीएम, सीओ ने की निगरानी
शहर में एसडीएम ललित कुमार, सीओ सिटी आरके तिवारी के अलावा पटियाली में एसडीएम शिवकुमार, सीओ गवेंद्र गौतम और सहावर एसडीएम अशोक कुमार, सीओ शैलेंद्र परिहार कड़ी निगरानी बनाए रहे। अधिकारी मस्जिदों के बाहर लोगों को जागरूक करते रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची पुलिस
ग्रामीण क्षेत्रों में भी मस्जिदें हैं। ऐसे में पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी निगरानी की। एसपी के निर्देश पर संबंधित हलका इंचार्ज अपने अपने क्षेत्र के गांव में नजर बनाए रहे। मुस्लिम समुदाय के लोगों को कड़ी हिदायत दी गई कि वे मस्जिदों में नमाज नहीं पढ़ें।