फतेहाबाद (आगरा)। थाना डौकी क्षेत्र के गांव चमरपुरा की विवाहिता श्रीमती (35) का शव सोमवार की सुबह संदिग्ध हालात में फंदे से लटकता मिला। मायकेवालों ने ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रभारी एसओ डौकी योगेंद्र सिंह ने बताया कि श्रीमती सोमवार की सुबह पति धर्मवीर के साथ सरसों की फसल काटने गई थी। पति कुछ देर बाद घर चला आया, जबकि श्रीमती खेत में काम कर रही थी। करीब एक घंटे बाद गांव के बच्चों ने श्रीमती का शव पेड़ पर फंदे से लटकता देखा। जानकारी होते ही परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। उसे फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक विवाहिता की मौत हो चुकी थी। सूचना मायकेवाले भी पहुंचे।
मृतका के भाई जगदीश सिंह निवासी कोट कसौंदी थाना नगला सिंघी, फिरोजाबाद ने ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। प्रभारी एसओ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायकेवालों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।