शमसाबाद। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़ोवरा खुर्द के पुरा सपेरा में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के समय मृतका घर में अकेली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
इटावा के ग्राम लालपुर निवासी राजकुमार नाथ की 22 वर्षीय पुत्री अंजलि की शादी दो वर्ष पूर्व बड़ोवरा खुर्द निवासी बादशाह नाथ के साथ हुई थी। शनिवार को अंजलि का पति फतेहाबाद के घड़ी गोदना स्थित अपने माता-पिता के पास गया हुआ था। शाम को जब पड़ोस के लोग किसी काम से घर पहुंचे, तो अंजलि को साड़ी के फंदे से झूलता देख उनकी चीख निकल गई। आनन-फानन में शव को नीचे उतारा गया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग और पुलिस पहुंच गई। दो साल पुरानी शादी और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रभारी निरीक्षक शमसाबाद ने बताया कि शव का कराया है। तहरीर प्राप्त होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद