आगरा। बेलनगंज में निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट की खुदाई से केनरा बैंक की शाखा की बिल्डिंग ढहने के मामले में पुलिस जांच का दायरा बढ़ा रही है। कृष्णा डेवलपर्स के मालिक राकेश कोहली और कृष्णा भू विकास के मालिक विनोद कुमार अग्रवाल पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस प्रोजेक्ट के अन्य पार्टनर्स पर भी शिकंजा कसेगी।
हादसे के बाद मामले की गंभीरता को पुलिस ने समझा है। हादसे के वक्त बैंक में कम लोग थे, अगर भीड़ ज्यादा होती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। इस बात को पुलिस मान रही है। इसके लिए सिविल इंजीनियर की पढ़ाई कर चुके आगरा के एक एसीपी को कमान सौंपी जा रही है। रिटायर्ड इंजीनियर्स की भी मदद ली जाएगी।
पुलिस नाप करेगी कि वास्तविकता में कितनी गहरी खुदाई की गई है। मानक पूरे थे या नहीं। जांच के बाद मामले में और धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस टीम हादसे की जांच कर रही है।