आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह से पहले सत्र 2025-26 के विभिन्न पाठ्यक्रमों की मार्कशीट का वितरण शनिवार से करेगा। ये मार्कशीट महाविद्यालयों को प्रदान की जाएंगी और वहां से छात्रों को बांटी जाएंगी। छलेसर कैंपस से महाविद्यालय 25 से 27 जुलाई तक मार्कशीट ले सकेंगे।
मार्कशीट और डिग्री की समस्या विवि में पूरे साल बनी रहती है। विवि की हेल्प डेस्क पर सबसे अधिक समस्या मार्कशीट की ही आती हैं। इसी को देखते हुए दीक्षांत समारोह से पहले विवि की ओर से मार्कशीट वितरण शुरू किया जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि मार्कशीट का वितरण महाविद्यालयों को कोड के हिसाब से किया जाएगा। छलेसर कैंपस से महाविद्यालय के अधिकृत शिक्षक या कर्मचारी मार्कशीट ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को कोड 01 से 400 तक, 26 को 401 से 800 तक और 27 जुलाई को 801 से अन्य सभी कोड के महाविद्यालयों को मार्कशीट प्रदान की जाएंगी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के शिक्षक या कर्मचारी को प्राधिकरण पत्र, आधार कार्ड या अन्य पहचानपत्र लेकर आना होगा। महाविद्यालयों को मार्कशीट लेकर जल्द छात्रों में वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे मार्कशीट की समस्या का काफी हद तक समाधान होगा।
धीमा मूल्यांकन कार्य बना परेशानी
विवि प्रशासन के लिए अधूरा परीक्षाफल और आवासीय संस्थानों की परीक्षाओं का मूल्यांकन सिरदर्द बना हुआ है। कई परीक्षाफल घोषित होने के बाद छात्रों की ओर से फेल होने या अंक कम होने की शिकायतें आ रही हैं। आवासीय संस्थानों के सभी पाठ्यक्रमों की परीक्षा का मूल्यांकन कार्य धीमी गति से चल रहा है। कई विषय के शिक्षक उपलब्ध न होने से भी परेशानी खड़ी हो रही है। दीक्षांत समारोह से पहले सभी परीक्षाफल घोषित होना आसान नजर नहीं आ रहा है।