28एमएनपी-13-शहर के आगरा रोड पर रविवार को लगा जाम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। एक ओर जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी के साथ बढ़ रहा है तो वहीं दूसरी ओर पाबंदियों में छूट मिलती जा रही है। लोग भी सुरक्षा की परवाह किए बगैर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। रविवार को शहर के बाजार में दिनभर जाम के हालात रहे। सामाजिक दूरी के नियम यहां टूटते दिखे।
पहले एक-दो कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पूरे शहर को सील कर दिया जाता था। अब संक्रमित के घर के आसपास की गलियां ही सील की जाती हैं। उनमें तीन दिन में आवाजाही शुरू हो जाती थी। बाजार में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है।
यहां सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। पहले अधिकारी भी दिन में दो-दो बार बाजार और हॉटस्पॉट का निरीक्षण करते थे, वे भी अब नजर नहीं आ रहे हैं। इससे लोग भी लापरवाह होते जा रहे हैं। रविवार को शहर के मुख्य बाजार में भीड़ इतनी अधिक थी कि जाम लगा हुआ था। लोग वाहनों पर एक दूसरे से सटकर खड़े हुए थे।
दुकानदार कर रहे मनमानी
दुकानदार भी मनमानी कर रहे हैं। दुकानदार ग्राहकों को अंदर आने की अनुमति दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मास्क व सैनिटाइजर का भी प्रयोग नहीं कर रहे हैं।
मास्क पर नहीं कोई ध्यान
अब मास्क पर भी प्रशासन और पुलिस का ध्यान नहीं है। शहर की सड़कों पर खुलेआम लोग बिना मास्क के नजर आते हैं। बाजार में भी लोग बिना मास्क लगाए पहुंच रहे हैं।
खतरा अभी टला नहीं है, मेरी लोगों से अपील है कि सतर्क रहें। बाजार बिना काम के न जाएं। जितना संभव हो घर में ही रहें। दुकानदारों की निगरानी की जा रही है, नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- रजनीकांत, एसडीएम