आगरा के कमला नगर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन की शाखा में सोना लूट की घटना से ग्राहकों की चिंता बढ़ गई है। वो एक ही सवाल कर रहे हैं कि आखिर उनका सोना कैसे वापस मिलेगा? उन्हें कहीं कानूनी पचड़े में तो नहीं फंसना पड़ जाएगा? अगर, वह कर्ज में ली गई धनराशि जमा कर देते हैं तो उनके आभूषण कैसे मिलेंगे? ग्राहक कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर रहे हैं।
मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी के कर्मचारियों के मुताबिक, कंपनी से लोन लेने के लिए सोने के जेवरात होना आवश्यक है। कंपनी में एक फार्म भरवाया जाता है। आईडी प्रूफ सहित अन्य कागजात लगाए जाते हैं। इसके बाद सोने जेवर की कीमत निकाली जाती है। उसकी गुणवत्ता परखी जाती है। उसका वजन किया जाता है।
सोने की कीमत के आधार पर नियमानुसार लोन दिया जाता है। लोन चुकाने पर यह वापस भी मिल जाते हैं। गोल्ड लोन कंपनी की कमला नगर शाखा में डकैती की घटना के बाद ग्राहकों के जेहन में एक ही सवाल है कि उनका सोना कैसे वापस मिलेगा?