आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आवासीय खंदारी परिसर स्थित सेठ पदमचंद प्रबंधन संस्थान और यूनिवर्सिटी मॉडल सेंटर का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। सेठ पदमचंद में बीबीए और एमबीए पार्ट टाइम और फुल टाइम की परीक्षाएं 9 दिसंबर से प्रारंभ होंगी। इसमें बीबीए के प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर तथा एमबीए के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा अन्य परिसर की भी बीसीए और सूचना प्रौद्योगिकी में स्नातकोत्तर डिप्लोमा (पीजीडीआईटी) का कार्यक्रम जारी किया गया है।
खंदारी परिसर के अंतर्गत संचालित यूनिवर्सिटी कंप्यूटर सेंटर के निदेशक अनिल गुप्ता ने बताया कि बीसीए और पीजीडीआईटी की परीक्षाएं 8 दिसंबर से शुरू होंगी। केंद्र का विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। वहीं, संस्थान के निदेशक प्रो. बृजेश रावत ने बताया कि परीक्षा आवेदन की तिथि बार-बार बढ़ाए जाने और कई छात्रों की ओर से देर से आवेदन करने के कारण परीक्षा कार्यक्रम के अनुमोदन में देरी हुई। जैसे ही सभी छात्रों के आवेदन पूरे हुए, कार्यक्रम तैयार कर तुरंत स्वीकृति के लिए भेजा गया और अब अंतिम रूप से घोषित कर दिया गया है।