आगरा के शाहदरा में मेडिकल स्टोर संचालक को झपकी लगी तो बेटे के साथ दवा लेने आए व्यक्ति ने काउंटर से मोबाइल चोरी कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी मोबाइल उठाकर बेटे के साथ जाते दिखा। पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के शाहदरा में मेडिकल स्टोर संचालक को दुकान पर झपकी लगना भारी पड़ गया। बृहस्पतिवार दोपहर इसी दौरान बेटे के साथ दवा लेने पहुंचे एक व्यक्ति ने मौका पाकर काउंटर पर रखा मोबाइल फोन चोरी कर लिया। नींद खुलने पर मोबाइल गायब मिला तो संचालक ने काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई।
विज्ञापन
शाहदरा निवासी कपिल देव घर में ही कपिल फार्मा के नाम से मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे वह दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उन्हें झपकी आ गई। कुछ देर बाद आंख खुली तो काउंटर पर रखा मोबाइल फोन गायब था। उन्होंने आसपास और दुकान में काफी तलाश की, लेकिन मोबाइल नहीं मिला।
इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई।
फुटेज में एक व्यक्ति अपने बेटे के साथ दुकान पर आता दिखाई दिया। आरोप है कि मौका पाकर व्यक्ति ने काउंटर से मोबाइल उठाया और बेटे के साथ वहां से निकल गया। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। संचालक ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। एसीपी छत्ता श्वेता ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।