शिकोहाबाद क्षेत्र के पास छीछामई गांव के पास से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन किनारे लगे ओएचई वायर के 132 केवीए लाइन के टावर पर मानसिक रूप से परेशान युवक चढ़ गया। करीब सात घंटे बाद युवक खुद ही उतर गया। उधर, पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया।
छीछामई गांव के समीप लगे रेलवे की ओएचई वायर के 132 केवीए टावर पर बैठे युवक पर लोगों की नजर पहुंची तो भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ पैर फूल गए। युवक को उतारने के लिए कवायद शुरू कर दी गई लेकिन वह नहीं उतरा। घटना के करीब छह घंटे बाद प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए।
लोगों ने युवक को पानी के पाउच दिखाई तो वह करीब सात बजे टावर से उतरना शुरू किया। सात बजकर 20 मिनट पर युवक उतर गया। टावर से आते ही युवक ने पानी पीया। बाद में शिकोहाबाद पुलिस उसको पकड़ कर थाने ले गई। युवक ने अपना नाम सूरज निवासी पश्चिम बंगाल बताया। युवक का कहना था कि वह बिजली ठीक करने के लिए अक्सर टावरों पर चढ़ता रहता है। ग्रामीणों की तरह अधिकारी भी तमाशबीन बने युवक के टावर से उतरने का इंतजार करते रहे।
रेलवे की ओएचई वायर के 132 केबीए टावर पर युवक के चढ़ने के साथ ही रेलवे के ओएचई कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए थे। सप्लाई बंद कराने के साथ ही रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। इसके चलते मितावली से शिकोहाबाद तक ट्रेनों को काफी धीमी गति से निकाला गया।